मुम्बई। कोरोना पॉजिटिव होने के बावजूद होम क्वारंटीन के नियमों को न मानने को लेकर मुम्बई के ओशिवरा पुलिस स्टेशन में अभिनेत्री गौहर खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज किये जाने के बाद फेडरेशन आॅफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (एफडब्लूआईसीई) ने गौहर खान के इस लापरवाह रवैये से नाराज होकर उनके खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कहा है कि दो महीने के लिए हमारे सदस्य उनके साथ काम नहीं करेंगे। एफडब्लूआईसीई के प्रेसिडेंट बी एन तिवारी, जनरल सेक्रेटरी अशोक दूबे और ट्रेजरार गंगेश्वर लाल श्रीवास्तव और मुख्य सलाहकार अशोक पंडित तथा शरद शेलार ने संयुक्त प्रेस रिलीज में कहा कि कोरोना पॉजिटिव होने के बावजूद गौहर खान का इस तरह से होम क्वारंटीन के नियमों का उल्लंघन करना बेहद गैर-जिम्मेदाराना रवैया है।
फेडरेशन के पदाधिकारियों ने कहा, ऐसा करते हुए गौहर खान ये भूल गईं कि वे कितने लोगों की जिंदगी को खतरे में डाल रही हैं. होम क्वारंटीन के लिए बीएमसी ने उनके हाथ में स्टैम्प भी लगाया था और इसके बावजूद गौहर खान घर से बाहर निकलकर इधर-उधर घूम रहीं थीं और शूटिंग कर रही थीं। उनके इस बर्ताव को कतई सही नहीं ठहराया जा सकता है। इसी के चलते फेडरेशन ने उनके साथ दो महीने तक काम नहीं करने का निर्णय लिया है। फेडरेशन से जुड़े तमाम सदस्य संस्थाओं और गौहर को असहयोग से जुड़ा नोटिस भेज दिया गया है।
बी. एन. तिवारी और गंगेश्वरलाल श्रीवास्तव ने कहा कि आज की तारीख में कोरोना का शिकार होनेवाले बड़े से बड़े सितारे भी कोरोना के नियमों का पालन कर रहे हैं और ऐसे में गौहर को भी इस नियमों की अनदेखी करने से बचना चाहिए था। फेडरेशन आॅफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (एफडब्लूआईसीई) ३२ यूनियनों की मदर बॉडी है जिसके पांच लाख से ज्यादा सदस्य हैं।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को मुम्बई पुलिस के प्रवक्ता एस. चैतन्य ने जानकारी देते हुए बताया था कि कोविड-19 नियमों के उल्लंघन व कोरोना पॉजिटिव होने के बावजूद शूटिंग पर जाने के चलते ओशिवरा पुलिस स्टेशन ने संक्रामक रोग अधिनियम (1897) की विभिन्न धाराओं के तहत गौहर खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

Comments
Post a Comment